Raipur | विधायक धनेन्द्र साहू ने कहा- केन्द्री की घटना पर स्तरहीन राजनीति न करे बीजेपी, रमन सिंह के आरोपों से सभी को हो रही तकलीफ

रायपुर: केन्द्री की घटना पर अभनपुर विधायक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धनेंद्र साहू ने कहा है कि यह घटना सबके लिये दुखद है। इतनी मार्मिक घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के द्वारा की जा रही राजनीति से पूरे प्रदेश को तकलीफ हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ रमन सिंह ने केन्द्री गांव जाकर सरकार के ऊपर कुछ भी आधारहीन आरोप लगाये है। बेहतर होता कि रमनसिंह ऐसी बात कहने के पहले हकीकत को जान और समझ लेते।

धनेन्द्र साहू ने कहा कि यह अच्छा है रमन सिंह गांव गये हैं। पहली बार उन्हें 15 साल सत्ता में रहने के बाद जनता की सुध आ रही है। अब उनकी आत्मा जागृत हुई है। उनके शासन काल में हजारों लोग प्रदेश में आत्महत्या किए लेकिन कभी रमन सिंह ने सांत्वना के दो शब्द पीड़ित परिवारों के लिए नही कहे। मेरे अभनपुर विधानसभा क्षेत्र में ही कईयों ने आत्महत्या की। तब भी रमनसिंह ने न कुछ कहा न कुछ किया। आज सत्ता से उतरने के बाद रमनसिंह की आत्मा जागृत हुई है।

श्री साहू ने कहा कि विपक्ष में होने मात्र से कुछ भी आरोप लगाकर ऐसी स्तरहीन राजनीति करना शोभा नहीं देता है। मुद्दाविहीन भाजपा और रमन सिंह एक पूरे परिवार की मृत्यु की दुखद घटना पर जो राजनीति कर रहे हैं, वह न तो पूर्व मुख्यमंत्री की गरिमा के अनुरूप है और न ही राज्य के प्रमुख विपक्षी दल से ऐसी अपेक्षा की जाती है। कोरोना की आपदा के बावजूद छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था देश के अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर है। छत्तीसगढ़ में व्यापार, उद्योग का ग्रोथ रेट बढ़ा है। राज्य में बेरोजगारी में कमी आई है। जीएसटी कलेक्शन बढ़ा है। छत्तीसगढ़ में मजदूर, किसान, वनोपज के संग्राहकों की आय बढ़ी है।

अभनपुर के विधायक धनेंद्र साहू ने बताया कि मृतक के घर में, खाने पीने की कोई कमी नहीं थी। घर पर चावल भी रखा हुआ था। मृतक मेहनतकश व्यक्ति था। पति पत्नी दोनों कमाने जाते थे। उनकी माता को भी पेंशन की राशि एवं चावल मिला है। वह परिवार अभावग्रस्त नहीं था। न ही उन पर किसी का कर्ज था। श्री साहू ने कहा कि पुलिस द्वारा जांच की जा रही है और अभी प्रारंभिक जांच में जो बाते सामने आयी है। कमलेश मृतक ने किन्ही भी कारणांे से अपनी पत्नी व बच्चों का गला घोटकर हत्या किया और फिर खुद फांसी के फंदे में झूल गया।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023