RAIPUR | CM भूपेश बघेल की होम सिटी में मेयर तक नहीं, कोरोना काल में 2 साल से नहीं हुए चुनाव

रायपुर: वैश्विक महामारी कोरोना ने अर्थव्यवस्था को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। हर क्षेत्र महामारी के चलते कराह रहा है। राजनीति भी इससे अछूती नहीं है। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कई नगरीय निकाय इस महामारी की वजह से नेताविहीन हो गए हैं। कुर्सी पाने की लालसा में नेता गुणा-भाग और चुनाव लड़ने की रणनीति बना रहे हैं तो वहीं खाली कुर्सी भी जनप्रतिनिधियों की बाट जोह रही है।  

कई प्रमुख पद
दुर्ग जिले में 10 नगरीय निकाय हैं, जिसमें चार नगर निगम, तीन नगर पालिका और तीन नगर पंचायतें शामिल हैं। भिलाई इस्पात संयंत्र का नगर सेवाएं विभाग अलग है। ट्विनसिटी के नाम से विख्यात भिलाई-दुर्ग शहर की पूरे प्रदेश में एक अलग पहचान है। दुर्ग जिले की छत्तीसगढ़ की राजनीति में भी बड़ा दखल है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू भी इसे जिले से ताल्लुक रखते हैं। 

आज तक चुनाव नहीं
दुर्ग जिले का रिसाली निगम दो साल पूर्व बना नया नगर निगम है। यहां आज तक चुनाव नहीं हो पाया है। भिलाई-चरोदा नगर निगम के निर्वाचित परिषद का कार्यकाल दिसंबर 2021 में खत्म होना है। भिलाई नगर निगम, रिसाली निगम तथा जामुल पालिका प्रशासक के हवाले है। हालांकि मुख्य निर्वाचन कार्यालय से नवंबर में आचार संहिता लगने तथा दिसंबर तक चुनाव हो जाने की चर्चा है, लेकिन महामारी की वजह से दो महापौर, एक पालिकाध्यक्ष और 134 पार्षदों के पद खाली है। स्थानीय नागरिक का कहना है कि देश के अन्य राज्यों में चुनाव या उप चुनाव हो रहे हैं तो उसी तरह की गाइडलाइन का पालन कराकर यहां भी निकाय चुनाव कराया जा सकता है। 

भिलाई, रिसाली और जामुल में चुनाव का इंतजार 
भिलाई नगर निगम में 70 वार्ड हैं। 2019 में 13 वार्ड लेकर रिसाली पृथक नगर निगम बन गया। भिलाई निगम में 70 वार्ड बनाने के लिए सभी वार्डों को छोटा कर दिया गया। भिलाई निगम के निर्वाचित परिषद का कार्यकल 21 जनवरी 2021 को खत्म हो चुका है। तब से लगातार यहां चुनाव का इंतजार किया जा रहा है। यहां महापौर पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है। इसी तरह रिसाली नगर निगम 40 वार्डों वाला नया निगम है। जब से यह पृथक निगम बना है, तब से यहां चुनाव ही नहीं हुआ है।

रिसाली निगम का महापौर पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित है। 26 दिसंबर 2019 को रिसाली निगम अस्तित्व में आया। वहीं भिलाई-चरोदा नगर निगम की निर्वाचित कार्यकारिणी का कार्यकाल दिसंबर 2021 में खत्म हो जाएगा। इसी तरह 24 वार्डों वाले जामुल नगर पालिका का कार्यकाल जनवरी 2021 में खत्म हो चुका है। सालभर से जामुल नपा को भी चुनाव का इंतजार है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023