RAJNANDGAON | कांग्रेस का नामांकन के बहाने शक्ति प्रदर्शन, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे शामिल

राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में हो रहे खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव की नामांकन रैली में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल होंगे। कांग्रेस ने खैरागढ़ के लिए यशोदा वर्मा को प्रत्याशी बनाया है। नामांकन रैली के बहाने कांग्रेस एक तरह से शक्ति प्रदर्शन करेगी। रैली में सीएम भूपेश बघेल के अलावा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, कई मंत्री और नेता शामिल होंगे। इस उप चुनाव को सत्ता का सेमीफाइनल भी कहा जा रहा है।

खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने ही सबसे पहले प्रत्याशी की घोषणा की है। कांग्रेस ने खैरागढ़ विधानसभा सीट पर ओबीसी कार्ड खेला है। यहां लोधी समाज की महिला यशोदा वर्मा को उम्मीदवार बनाया है। खैरागढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष यशोदा वर्मा लंबे समय से कांग्रेस की सियासत में सक्रिय हैं। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बनने से पहले यशोदा जिला पंचायत की सदस्य भी रही चुकी हैं। उनके पति नीलांबर वर्मा जनपद सदस्य रह चुके हैं। यशोदा राजनांदगांव जिला महिला लोधी समाज की अध्यक्ष भी हैं। नामांकन रैली बुधवार दोपहर राजनांदगांव के बाबा फतेह सिंह हॉल से रवाना होगी और मुख्य मार्ग से यह जुलूस जिला पंचायत भवन पहुंचेगा। नामांकन के बाद सीएम भूपेश बघेल होटल राज इंपीरियल में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। 

भाजपा व जकांछ के प्रत्याशियों पर नजर
खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने चुनाव संचालन समिति का गठन किया, जिसमें कई मंत्रियों को शामिल किया गया है। चुनाव संचालन समिति में मंत्री रविंद्र चौबे, मंत्री कवासी लखमा, राज्य पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, राजनांदगांव जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पदम कोठारी को जिम्मेदारी दी गई। भारतीय जनता पार्टी और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) आज अपने उम्मीदवार की घोषणा कर सकती है। दोनों पार्टियों के प्रत्याशियों पर अब नजर है। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस अपनी सीट बचाने मैदान में उतरेगी। वहीं भाजपा भी इस सीट को जीतने पूरा जोर लगाएगी। 

24 मार्च को नामांकन की आखिरी तारीख 
खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव के लिए 17 मार्च से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यह 24 मार्च तक चलेगी। फार्म ऑनलाइन भी अपलोड की जा रही है, लेकिन उसकी हार्ड कॉपी जमा करनी ही होगी। तय कार्यक्रम के अनुसार स्कूटनी के बाद 28 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। प्रशासन ने चुनावी प्रक्रिया के लिए तैयारी पूरी कर ली है। उप चुनाव के लिए 12 अप्रैल को मतदान होगा और मतगणना 16 अप्रैल को होगी। राजनांदगांव जिले की यह सीट खैरागढ़ सियासत के राजा और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद खाली हुई है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023