भाजपा नेता की प्रेम कहानी का थाने में हुआ अजीब समझौता, सुबह मॉर्निंग वॉक करेगा, रात में चश्मा नहीं लगाएगा

मेरठ: न्यूयॉर्क की महिला के द्वारा अपने शौहर भाजपा नेता पर लगाए गए आरोप पुष्ट नहीं हुए हैं। आरोपी नदीम की न पहले शादी हुई है और न ही उसका कोई बच्चा है। महिला ने थाने में शर्त रखी कि शौहर सुबह उसके साथ मॉर्निंग वॉक पर जाएगा और रात के समय चश्मा नहीं लगाएगा। शौहर ने दोनों शर्त मान ली, जिस पर थाने से दोनों अपने घर के लिए खुशी-खुशी रवाना हो गए। 

न्यूयॉर्क की युवती की 2018 में नदीम से फेसबुक पर दोस्ती हुई। इसके बाद दोनों के बीच प्यार हुआ। कुछ समय बाद दोनों ने निकाह कर लिया था। बुधवार को विदेशी युवती देहलीगेट थाने में पहुंची और शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि नदीम शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। पुलिस ने जांच की, जिसमें आरोप बेबुनियाद निकले। पुलिस जांच से महिला संतुष्ट हो गई। 

इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने पूछा कि वह उसकी क्या मदद कर सकते हैं। महिला ने कहा है कि नदीम सुबह उसके साथ मॉर्निंग वॉक पर जाए और रात में चश्मा नहीं लगाए। वहीं आरोपी ने महिला की शर्त मान ली, जिसके बाद समझौता लिखा गया। 

सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया ने बताया कि महिला की शर्त पर समझौता हुआ है। अब महिला नदीम के साथ चली गई है। बताया गया कि नदीम भाजपा नेता भी है। वह भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे से जुड़ा हुआ है।

ये था मामला
न्यूयॉर्क की युवती से मेरठ शहर के नदीम का दो साल पहले फेसबुक के जरिए प्रेम-प्रसंग शुरू हुआ। दोनों ने निकाह कर लिया। इसके बाद युवती को पता चला कि नदीम दो बच्चों का पिता है तो उसने हंगामा कर दिया। इस मामले में थाने में भी शिकायत की गई थी।

बताया गया कि दिल्ली रोड स्थित एक फार्म हाउस में दोनों ने शादी की थी। शादी के बाद लड़की न्यूयॉर्क वापस लौट गई थी। वह दोबारा लौटी तो उसे पता चला कि नदीम शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता भी है। अब दोनों के बीच थाने में समझौता हो गया है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023