BHILAI | तीजन बाई के साथी कलाकार ने की आत्महत्या, उनकी टीम मनमोहना में बतौर संगीत निर्देशक जुड़े थे

भिलाई: अंतर्राष्ट्रीय पंडवानी गायिका व पद्मश्री तीजन बाई के एक साथी कलाकार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने से कला जगत में शोक छा गया है। साथी कलाकार का नाम अजय कुमार नायर बताया जा रहा है, जिसने जोन 2 खुर्सीपार स्थित अपने घर पर ही फांसी लगा रही। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया अभी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और अजय नायर ने भी कोई सुसाइड नोट नहीं छोड़ा है।

पुलिस ने बताया कि अजय अविवाहित थे और अपने मित्र बृजलाल के साथ ही रहते थे। जब सुबह बृजलाल कमरे में चाय देने गए तो उन्होंने अजय को फांसी से लटकते देखा। तुरंत बृजलाल के पुत्र अंकित ने इसकी सूचना पुलिस को दी। अजय की बहन केरल में रहती है, पुलिस ने उनकी बहन से संपर्क कर अंतिम संस्कार करने की अनुमति दे दी है।

तीजन बाई के निज सचिव मनहरण सार्वा ने बताया कि अजय तीजन बाई के साथ 1987 तक जुड़े हुए थे। वह टीम में संगीत निर्देशन और गायन का काम करते थे। उन्होंने तीजन बाई के साथ अंडमान-निकोबार, लक्ष्यद्वीप सहित अन्य देशों की यात्राएं भी की हैं। वह बहुत अच्छा आर्गन बजाते थे इसलिए अनेक जगहों पर आर्गन सिखाने का काम भी करते थे। अजय राष्ट्रीय स्तर की संस्था अमर श्रीवास एवं लोग दर्शन के साथ भी जुड़े हुए थे। अजय कुमार के निधन पर तीजन बाई ने शोक व्यक्त किया है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023