यूक्रेनी कपल को शादी करते ही उठानी पड़ी बंदूक, हैरान कर देगी इनकी कहानी

नई दिल्ली: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध अभी भी जारी है और अब यूक्रेन के आंतरिक इलाकों में रूस की सेना प्रवेश कर तबाही मचा रही है। इसी बीच लगातार ऐसी खबरें आ रही हैं कि रूस के हमले के खिलाफ लड़ने के लिए यूक्रेन के आम नागरिक भी मैदान में कूद पड़े हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक यूक्रेन की सेना ने वहां के नागरिकों को काफी पहले से ही तैयार किया था। इसी से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है जहां एक यूक्रेनी कपल को अपनी शादी के अगले ही पल बंदूक उठानी पड़ गई।

दरअसल, मिरर की एक ऑनलाइन रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना यूक्रेन के एक कपल से जुड़ी हुई है। कीव के रहने वाले 24 साल के स्वियातोस्लेव फुरसिन और 21 साल की यारिना एरिवा की शादी एक साल पहले से ही तय थी लेकिन महामारी और फिर रूस के संभावित आक्रमण को देखते हुए उन्होंने इसे बाद में करने का फैसला लिया था। हाल ही में दोनों ने शादी तब की जब रूसी सेना उनके देश पर आक्रमण कर चुकी थी।

शादी के बंधन में बंधते ही युद्ध में कूदे
शादी में एक साथ जीने और मरने की कसमें खाई जाती हैं, लेकिन यूक्रेन के इस कपल ने शायद यह कसम लिया है कि वे रूस के सैनिकों से जंग लड़ेंगे और यही हुआ भी। उन्होंने 22 फरवरी को शादी की और शादी करते ही बंदूक थाम ली। उन्होंने अपनी कहानी अपने सोशल मीडिया पेज पर भी शेयर की है, साथ ही कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं, जिसे दुनिया देख रही है लेकिन शायद दुनिया उनकी मदद नहीं कर सकती है।

फिलहाल शादी के बाद इस कपल ने अपने लिए अलग ही रास्ता चुन लिया क्योंकि रिपोर्ट में इस बात का भी जिक्र है कि इन्होंने शादी से पहले ही यह ऐलान किया था कि शादी करते ही वे दोनों रूस के खिलाफ जंग में उतर जाएंगे। बताया गया कि वे दोनों दो साल पहले एक दूसरे से मिले थे और एक दूसरे से प्यार करने लगे थे। इसके बाद इन्होंने शादी करने का फैसला किया था, फिलहाल अब दोनों ही जंग में उतर चुके हैं।

यूक्रेन के लिए मुश्किल समय
उधर यूक्रेन में ऐसे ही तमाम लोगों की कहानियां सामने आ रही हैं जो अपने देश के लिए बंदूक उठा चुके हैं। बता दें कि रूस की सेना तेजी से यूक्रेन की राजधानी कीव पर हमला कर रही है, हालांकि हमले के पांचवे दिन भी यूक्रेन की सेना डटकर रूस का सामना कर रही है लेकिन बताया जा रहा है कि उसके लिए यह बेहद मुश्किल समय है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023