RAJNANDGAON | कड़ी सुरक्षा के बीच खैरागढ़ में मतदान शुरू, सीएम भूपेश बघेल ने किया जीत का दावा, जानिए पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह ने क्या कहा

खैरागढ़: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस अच्छी मार्जिन से जीतेगी। इस जीत के 24 घंटे की भीतर खैरागढ़ को जिला बनाने की घोषणा कर दी जाएगी। सीएम ने कहा कि मई से वे 90 विधानसभा सीटों का दौरा करेंगे। कोरोनाकाल के पहले बस्तर, सरगुजा संभाग का दौरा किया था, लेकिन अब सभी विधानसभा सीटों पर जाएंगे। इधर खैरागढ़ में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो चुका है। 10 प्रत्याशियों का भाग्य आज ईवीएम में कैद हो जाएगा। 

सोमवार की शाम अपने निवास कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम भूपेश बघेल ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि  रमन 15 साल सीएम रहे, लेकिन उन्होंने राजनांदगांव जिले के लिए कुछ भी नहीं किया। उनके 15 साल के कार्यकाल में राजनांदगांव जिले में भाजपा 2 से ज्यादा सीटें नहीं जीती। अब तो केवल एक सीट है। डॉ. रमन के कार्यकाल में सबसे अधिक किसानों ने आत्महत्या की है। 

खैरागढ़ जिला मास्टर स्ट्रोक मना जाए
खैरागढ़ को जिला बनाने की घोषणा क्या आपकी सरकार का मास्टर स्ट्रोक माना जाए, इस सवाल के जवाब में भूपेश ने कहा कि हम मरवाही को जिला बनाने के बाद वहां चुनाव में गए। यहां चुनाव जीतने के बाद जिला बनाएंगे। यह घोषणा जीत के 24 घंटे बाद कर दी जाएगी। हमारी सरकार ने जिस तरह प्रदेश की जनता से कई वादे करके उन्हें पूरा किया है, उसी तरह यह भी पूरा होगा। 

जीतेगा खैरागढ़, जीतेगी भाजपा : साय 
भारतीय जनता पार्टी ने भी ट्वीट कर जीत का दावा किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि जनता का आशीर्वाद मिलेगा। जीतेगा खैरागढ़ और जीतेगी भाजपा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने साढ़े तीन साल के कार्यकाल में कांग्रेस ने कुछ नहीं किया है। पिछले विधानसभा के घोषणाओं को अब तक पूरा नहीं किया है। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ में परिवर्तन का सूरज खैरागढ़ से निकलेगा। भाजपा बड़े अंतर से जीतेगी। इधर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) सहित सभी प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। 

5 बजे तक मतदान, 291 केंद्रों में वोटिंग जारी 
राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ उप चुनाव के लिए सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। 2 लाख 11 हजार 516 मतदाता 10 प्रत्याशियों का भाग्य तय करेंगे। 291 केंद्रों में शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। निष्पक्ष मतदान के लिए केंद्रीय पुलिस बल की 22 कंपनियां तैनात की गई है। मतदान केंद्रों में स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। अति संवेदनशील केंद्रों में प्रशासन की पैनी नजर है। यहां 16 अप्रैल को मतगणना होगी। 

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023