RAIPUR | 6 निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से नन्दलाल बने बिरगांव के महापौर, भाजपा प्रत्याशी को मिले 15 वोट

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बीरगांव नगर निगम को मंगलवार को नया महापौर मिल गया। कांग्रेस के नंदलाल देवांगन के सिर पर जीत का ताज सजा। महापौर के लिए कांग्रेस ने नंदलाल देवांगन को प्रत्याशी घोषित किया तो भाजपा ने पतिराम साहू को मैदान में उतारा था। नंदलाल देवांगन को 25 पार्षदों का समर्थन मिला, जिसमें छह निर्दलीय पार्षद भी शामिल हैं। वहीं भाजपा के पतिराम साहू को 15 मत मिले। इस तरह नंदलाल 10 मतों से चुनाव जीत गए। बीरगांव नगर निगम का नया महापौर नंदलाल रायपुर ग्रामीण विधायक सत्यनारायण शर्मा के काफी करीबी माने जाते हैं।  

महापौर चुनाव के पहले रायपुर के कलेक्टर सौरभ कुमार ने नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सभी 40 पार्षदों का एक साथ शपथ ग्रहण कार्यक्रम हुआ। इसके बाद महापौर चुनाव कराया गया। बीरगांव में कांग्रेस प्रत्याशी को 40 में से 25 वोट मिले, जबकि बीजेपी प्रत्याशी पतिराम को 15 पार्षदों ने समर्थन दिया। यहां भाजपा के सिर्फ 10 पार्षद जीतकर आए हैं। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जोगी) के 5 पार्षदों ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मतदान किया। बता दें कि बीरगांव निगम के चुनाव में कांग्रेस को 19 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं 10 सीटों पर भाजपा, 5 सीटों पर जोगी कांग्रेस व 6 निर्दलीय निर्वाचित हुए थे। सभी निर्दलीय पार्षदों ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया, जिससे कांग्रेस प्रत्याशी नंदलाल को 25 वोट मिले। 

कांग्रेस-भाजपा के कार्यकर्ताओं में झड़प, जमकर नारेबाजी 
सभापति चुनाव से पहले कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। भाजपा पार्षदों के साथ ‌BJP नेता देवजी भाई पटेल के भीतर जाने पर कांग्रेसियों ने हंगामा शुरू कर दिया। देवजी पटेल को बाहर निकालने पुलिस का घेरा तोड़कर कांग्रेसी भी चैनल गेट के भीतर घुस गए। भीतर फसे देवजी को निकालने भाजपा के कार्यकर्ता भी अंदर की ओर गए। इस बीच दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नारेबाजी हुई। भारी हंगामे के बीच देवजी पटेल को पुलिस की सुरक्षा में बाहर निकाला गया। उसके बाद भी काफी देर तक भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी होती रही। चुनाव के मद्देनजर पुलिस बल तैनात है। बता दें कि 20 दिसंबर को मतदान के दौरान भी भारी हंगाा हुआ था, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती मतदान केंद्र में की गई थी। 

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023