ओडिशा ने लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ाया, देश में ऐसा करने वाला पहला राज्य

ओडिशा: मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने लॉकडाउन अवधि को 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। इससे पहले लॉकडाउन की अवधि 14 अप्रैल तक थी। कोरोना वायरस संक्रमण की गंभीर स्थिति को देखते हुए पटनायक ने अर्थनीति पर मानव जीवन को तरजीह दिया है। इसके साथ ही केन्द्र सरकार से भी मुख्यमंत्री ने लॉकडाउन अवधि को 30 अप्रैल तक बढ़ाने के लिए आग्रह किया है। पूरे देश में 21 दिन के लॉकडाउन का पीएम मोदी ने ऐलान किया था, लेकिन कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, दूसरे राज्य भी लॉकडाउन बढ़ाने की बात कर रहे हैं।

30 अप्रैल तक न शुरू हो रेल-हवाई यात्रा

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने केंद्र सरकार से 30 अप्रैल तक ट्रेन और हवाई सेवा शुरू ना करने की अपील की है। साथ ही राज्य में शैक्षणिक संस्थान 17 जून तक बंद रहेंगे। ओडिशा में कोरोना वायरस से 72 साल के एक शख्स की सोमवार को मौत हो गई थी। राज्य में मौत की ये पहली घटना थी। ओडिशा में 42 कोरोना के केस आए हैं, जिसमें 2 लोग पूरी तरह ठीक हो गए हैं।

केन्द्र सरकार से भी की लॉकडाउन अवधि को 30 अप्रैल तक बढ़ाने की मांग

जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गुरुवार को राज्य की कैबिनेट बैठक हुई। इस कैबिनेट बैठक में प्रदेश में लॉकडाउन अवधि को 30 अप्रैल तक बढ़ाने के साथ केन्द्र सरकार से भी लॉकडाउन अवधि को 30 अप्रैल तक बढ़ाने के लिए आग्रह किया गया है।

हम राज्य सरकारों के संपर्क में हैं

बाहर फंसे लोगों पर सीएम नवीन पटनायक ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे ओडिशा के लोगों को लेकर सरकार फ्रिकमंद है। उनकी भलाई के लिए हम संबंधित राज्य सरकारों के संपर्क में हैं। ओडिशा उन सभी लोगों का ध्यान रखेगा, जो फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार विभिन्न क्षेत्रों के लिए भी विशेष उपाय करेगी।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023