छत्तीसगढ़ | दिवाली मुख्यमंत्री निवास पर होगी खास, सिर्फ गोबर के बने दीयों का होगा उपयोग

रायपुर :

दिवाली सीएम हाउस में खास अंदाज में मनाई जाएगी। इस बार सिर्फ गोबर से बने दीयों से हाउस रोशन होगा। शनिवार को सीएम भूपेश बघेल एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। यहां उन्होंने यह जानकारी दी। इस कार्यक्रम में स्थानीय कुम्हारों और गोबर से बने दीयों को रखा गया था। इनमें से करीब 5 हजार दीये सीएम ने आम लोगों को बांटे। सभी से मुख्यमंत्री ने स्थानीय कलाकारों से दीवाली की खरीदारी करने की अपील की। गौठान (गांव में मवेशियों को रखने की जगह) से दीये बनाने के लिए गोबर लिया गया। तेलीबांधा तालाब में हो रहे इस कार्यक्रम का आयोजन  छत्तीसगढ़ माटीकला बोर्ड, छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन-बिहान और देवभोग की तरफ से किया गया था। यहां सभी विभागों के स्टॉल भी लगाए गए थे।

इन स्टॉलों में छत्तीसगढ़ के कुम्हारों, हस्तशिल्पियों, स्व सहायता समूह की महिलाओं एवं अन्य कारीगरों द्वारा बनाये गए दीये, सजावट की वस्तुएं, उपहार, छत्तीसगढ़ी व्यंजन सहित अन्य सामग्रियां प्रदर्शन और विक्रय के लिए रखी गयी हैं। बिहान के स्टॉल में महिला समूहों द्वारा गौठानों के गोबर से बनाए गए दीये और अन्य सजावटी वस्तुएं खरीददारी के लिए उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने यहां पहुंचकर दीपावली के लिए मिट्टी और गौठानों के गोबर से बने दीये, देवभोग द्वारा उत्पादित मिठाइयां तथा दूध से बनी अन्य सामग्री, महिला समूहों द्वारा तैयार छत्तीसगढ़ी व्यंजन के साथ अन्य वस्तुओं की खरीदी की। उन्होंने महिला समूहों और कारीगरों से सामग्रियों के निर्माण के सबंध में जानकारी भी ली।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023