जांजगीर : नाबालिग से बंधक बनाकर गैंगरेप, 6 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज

जांजगीर : एक नाबालिग को बंधक बनाकर गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पीड़िता पहले मुंबई के आश्रम में प्रताड़ित हुई, फिर सक्ती में एक दंपती के चंगुल में फंस गई। जहां बंधक बनाकर उसके साथ दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। नाबालिग उनके चंगुल से छूटकर थाने पहुंची, तब इस पूरे मामले का खुलासा हुआ।

यह मामला सक्ती थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक नाबालिग जशपुर की रहने वाली है। किशोरी ने बताया कि वह मुंबई के एक आश्रम में रहती थी जहां पर उसके साथ शारीरिक और मानसिक दमन किया गया। वहां से भागकर वह अपने घर जशपुर जाने निकली थी। इस दौरान वह गलती से सक्ती पहुंच गई और वहां स्टेशन में उसे अनजान दंपती मिल गए।

किशोरी ने बताया कि दंपति ने सहारा देने का झांसा देकर उसे अपने घर पर रख लिया। एक-दो दिन बाद महिला के पति ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। जिसकी जानकारी उसने महिला को दी, तब उस महिला ने नाबालिग को फटकार लगाते हुए अपने घर में ही बंधक बनाए रखा। जिसके बाद घर में चार लोग आए और बारी-बारी से उसके साथ अनाचार किया।

इस ममले में एसडीओपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि- ‘नाबालिग की रिपोर्ट पर दंपत्ति समेत 6 लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया गया है। सभी आरोपी फरार हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है। नाबालिग की निशानदेही पर आरोपितों की पहचान कर ली गई है।’


News Share
CIN News | Bharat timeline 2023