दोहरे हत्याकांड मामले में पूर्व विधायक गिरफ्तार, 4 साल बाद हुई गिरफ्तारी

रायगढ़ : 4 साल पहले दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने ओडिशा के ब्रजराजनगर से पूर्व विधायक और बीजू जनता दल के नेता अनूप कुमार साय को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 2 महिलाओं को मारकर फेंका और फिर शवों को गाड़ी से रौंद दिया था। चक्रधरनगर पुलिस ने अनूप को बुधवार देर रात ब्रजराजनगर स्थित उसके घर से गिरफतार कर लिया। बताया जा रहा है कि इस मामले में अन्य 2 आरोपियों की गिरफ्तारी शनिवार तक हो सकती है।

यह घटना चक्रधरनगर थाना क्षेत्र की है, जहां 7 मई 2016 को थाना प्रभारी अमित पाटले को बंगुरसिया मार्ग पर संबलपुरी में स्थित शाकंबरी फैक्ट्री के नजदीक सड़क पर दो महिलाओं का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। गांव और फैक्ट्री कर्मियों से पूछताछ में शिनाख्त नहीं हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि पहले हत्या की गई फिर शवों को गाड़ी से कुचला गया।

आरोपी अनूप कुमार ब्रजराजनगर से तीन बार कांग्रेस से विधायक रहा। 2014 में उसने बीजेडी ज्वाइन कर ली। सत्ताधारी दल का नेता होने के कारण रायगढ़ पुलिस के नोटिस देने के बावजूद वह हाजिर नहीं हुआ। 2019 में ओडिशा विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बरगढ़ के बिजेपुर सीट से भी चुनाव लड़ा। अनूप को चुनाव प्रचार समिति को चेयरपर्सन बनाया गया। नवीन यहां से चुनाव जीते, हालांकि बाद में इस्तीफा दे दिया, लेकिन अनूप का राजनीतिक रसूख और भी बढ़ गया। अगस्त 2019 में अनूप कुमार को प्रदेश वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन का चेयरपर्सन बनाया गया।

अनूप से पुलिस ने 18 घंटे तक पूछताछ की जिसमें हत्या की वजह सामने आई। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने सख्ती की तो अनूप ने बताया कि उसे मां-बेटी का किसी और से मिलना अच्छा नहीं लगता था। संपत्ति को लेकर भी दबाव बनाने की बात सामने आई है। रायगढ़ पुलिस को अनूप के खिलाफ सबूत और सुराग 2017 में ही मिल गए थे, लेकिन प्रदेश में भाजपा सरकार के होने और बीजेपी-बीजेडी के संबंध अच्छे होने के कारण उसे गिरफ्तार नहीं किया गया। अनूप की गिरफ्तारी के बाद सीएम नवीन पटनायक ने उसे पार्टी से निकालने के साथ ही वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन से भी हटा दिया है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023