प्रवासी श्रमिकों का सूरत में तीसरी बार प्रदर्शन, पुलिस का लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले भी छोड़े

सूरत: देश में जारी लॉकडाउन की वजह से अलग-अलग हिस्सों में लोग फंसे हैं। इनमें काफी संख्या में श्रमिक भी हैं और वे लगातार घर जाने देने के लिए व्यवस्था करने की मांग कर रहे हैं। इस बीच घर जाने की मांग कर रहे प्रवासी श्रमिकों का एक वीडियो सामने आया है, जो गुजरात के सूरत का है। यहां एक हजार से ज्यादा श्रमिक अपने प्रदेश जाने की मांग के साथ सोमवार को सड़क पर उतर गए। इसके चलते पुलिस और श्रमिकों के बीच संघर्ष हुआ।

एक अधिकारी ने बताया कि अपने अपने गृह नगर लौटना चाह रहे सैकड़ों प्रवासी श्रमिकों की पुलिस के साथ झड़प हुई है। इस दौरान श्रमिकों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े। सूरत में प्रवासी मजदूरों का यह तीसरा प्रदर्शन है।

श्रमिक घर जाने की व्यवस्था कराए जाने की कर रहे थे मांग- अधिकारी

अधिकारी ने बताया कि घटना सूरत के बाहरी इलाके वारेली गांव के पास हुई। इस दौरान श्रमिकों ने सूरत-कडोदरा रोड के पास खड़े कुछ वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े। उन्होंने बताया कि हालांकि अब स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारी ने बताया कि प्रवासी श्रमिक मांग कर रहे थे कि उन्हें उनके मूल निवास स्थान में वापस भेजने की व्यवस्था की जाए।

चलाई जा रही है श्रमिक स्पेशल ट्रेन

बता दें कि देश में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए पिछले 42 दिनों से लॉकडाउन जारी है। हालांकि अब लॉकडाउन के तीसरे चरण में थोड़ी रियायत भी दी गई है और जगह-जगह फंसे लोगों को ले जाने के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेन भी चलाई जा रही है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023