BALODABAZAAR | आम तोड़ने के विवाद में 2 लड़कों की हत्या, 4 नाबालिगों ने डंडों से पीट-पीटकर मार डाला

बलोदाबाजार: छत्तीसगढ़ में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां आम तोड़ने के विवाद में चार नाबालिग लड़कों ने दो अन्य लड़कों को डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने चारों आरोपी नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बलोदा बाजार जिले का है। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी 11 से 14 साल की उम्र के हैं। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल लिया है। गुरुवार को उन्हें जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड भेज दिया गया। 

शनिवार से गायब थे
मंगलवार को बलोदा बाजार के चकरबे गांव के बाहर दो लड़कों का शव पाया गया था। यह दोनों बीते शनिवार से गायब थे। पुलिस के मुताबिक उन्हें मरते दम तक पीटा गया था। इन नाबालिगों का नाम शौर्य छेलक (6) और लेवेंद्र छेलक (7) था। दोनों पड़ोसी थे। इनके माता-पिता ने सोमवार को इनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट जिले के कशडोल थाने में लिखाई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी थी। पुलिस ने बताया कि छानबीन के दौरान दोनों की लाश मिली। इसी दौरान पता चला कि रविवार को इन्हें कुछ अन्य लड़कों के साथ देखा गया था। 

ईंट-भट्ठे से मिला सुराग
बलोदाबाजार के पुलिस कप्तान दीपक झा ने बताया कि हमने हत्या की छानबीन के लिए तीन टीमें बनाईं। यह तीनों टीमें अलग-अलग सुरागों पर काम कर रही थीं। इसी दौरान एक टीम नजदीक स्थित ईंट-भट्ठे पर पहुंची। यहां एक मजदूर ने बताया कि एक नौ साल का बच्चा इस तरफ दौड़ता हुआ आया था। उसने यहां आने के बाद पीने के लिए पानी भी मांगा था। एसपी के मुताबिक इसके बाद पुलिस ने उस बच्चे को ढूंढ निकाला। लेकिन वह पुलिस से न तो बात कर रहा था और न ही अन्य तरह से सहयोग कर रहा था। इसके बाद पुलिस थाने के बाल कल्याण अधिकारी ने बच्चे को मोबाइल दिलाने का लालच दिया। इसके बाद बच्चे ने बताया कि उसने कुछ दिन मारे गए बच्चों को कुछ दिन पहले देखा था। उनके पीछे कुछ और भी बच्चे हाथों में छड़ी लिए दौड़ रहे थे। 

स्कूल से गिरफ्तार किए गए बच्चे
पुलिस के मुताबिक इसके बाद उन्होंने उन बच्चों का नाम पता किया और एक स्थानीय स्कूल से गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि हत्या के पीछे वजह आम तोड़ने के दौरान हुआ झगड़ा है। पुलिस कप्तान के मुताबिक आरोपी लड़कों में से एक ने लेवेंद्र और शौर्य के पेड़ से आम तोड़ा था। इसको लेकर तीनों के बीच बहस हुई थी। धीरे-धीरे झगड़ा बढ़ गया। इसके बाद आम तोड़ने वाले लड़के ने तीन अन्य दोस्तों को बुला लिया। यह सभी मिलकर लेवेंद्र और शौर्य का पीछा करने लगे और उन्हें डंडे से पीटने लगे। पुलिस ने बताया कि पिटाई से एक लड़के ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद आरोपियों ने दूसरे को भी पीट-पीटकर मार डाला, क्योंकि वह घटना का चश्मदीद गवाह था। पुलिस ने आरोपियों के पास से दोनों डंडे भी बरामद कर लिए हैं।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023