RAIGARH | 61 साल का ‘लुटेरा दूल्हा’, 14 शहरों में 14 महिलाओं से शादी की, महिला को शक होता तो यह उसे लूटकर भाग निकलता

रायगढ़: अक्सर आपने लुटेरी दुल्हनों के किस्से पढ़े और सुने होंगे। लेकिन पहली बार हम आपको लुटेरे दूल्हे के कारनामे से रूबरू करा रहे हैं। यह दूल्हा कोई खूबसूरत और स्मार्ट युवक नहीं, बल्कि 61 साल का एक बुजुर्ग शख्स है। इस शातिरबाज बूढ़े ठग ने 20 साल में देश के 7 अलग-अलग राज्यों के 14 शहरों में 14 महिलाओं से शादी की। किसी महिला को शक होता तो यह उसे लूटकर भाग निकलता। वेलेंटाइन डे के दिन ही ओडिशा पुलिस ने इस ठग को गिरफ्तार किया है।

दरअसल, पिछले साल 2021 में एक महिला ने भुवनेश्वर के महिला थाने में शिकायत की थी। इसमें बताया था कि रमेश चंद्र स्वांई ने उससे शादी की। जबकि उसकी पहले से ही पत्नी है। शादी के बाद जब उसे इसका पता चला तो रमेश उसे लूटकर भाग निकला। पुलिस ने इस रिपोर्ट पर सोमवार को रमेश को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान जांच में पता चला कि रमेश को आंध्र प्रदेश पुलिस ने भी ऐसे ही एक मामले में 2011 में गिरफ्तार किया था।

मैरिज साइट पर फेक हाई प्रोफाइल, सोशल मीडिया पर फेक फोटो
पकड़ा गया शातिर रमेश खुद को होम्योपैथिक डॉक्टर बताता था। उसने साल 2002 से 2019 तक मैरिज साइट पर महिलाओं की प्रोफाइल सर्च की। इस दौरान उनसे संपर्क करता। खुद की फेक प्रोफाइल और फोटो दिखाता। कार में लालबत्ती और नेम प्लेट लगाकर फोटो खिंचवाकर अलग-अलग साइट पर पोस्ट करता था। इसके कारण महिलाएं चक्कर में फंस जाती। अगर किसी महिला को संदेह होता तो उसे ब्लॉक कर देता।

पत्नियों में डॉक्टर, वकील, मॉडल, उनसे 5 बेटे भी

इस कथित होम्योपैथी डॉक्टर ने कोलकाता, मुंबई, पंजाब, हैदराबाद, भुवनेश्वर, दिल्ली सहित विभिन्न शहरों की महिलाओं से शादी की है। इनमें डॉक्टर, वकील, मॉडल और केंद्रीय कर्मचारी तक शामिल हैं। उनसे आरोपी के 5 बेटे भी हैं। आरोपी रमेश का घर ओडिशा के केन्द्रापड़ा जिले के भगवानपुर में है। पुलिस ने उससे 11 ATM कार्ड, 4 आधार कार्ड, अलग-अलग परिचय पत्र, एक कार और कई कागजात जब्त किए हैं। साल 2018 में उसने पंजाब के एक गुरुद्वारे में केंद्रीय कर्मचारी से शादी करके 10 लाख ठगे थे।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023