24 साल बाद कांग्रेस को मिला गैर-गांधी अध्यक्ष, 26 को कार्यभार संभालेंगे खरगे

नई दिल्ली: कांग्रेस को 24 साल बाद आज पहला गैर-गांधी अध्यक्ष मिल गया है। वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस के नए अध्यक्ष का चुनाव जीत लिया है। उन्होंने शशि थरूर को भारी मतों से हरा दिया है।

पार्टी में कोई भी बड़ा या छोटा नहीं होता: खरगे
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खरगे ने कहा कि कांग्रेस ने लगातार लोकतंत्र को मजबूत किया, संविधान की रक्षा की। मैं सोनिया गांधी का आभार व्यक्त करता हूं, उन्होंने अपने खून पसीने से पार्टी को सींचा है। सरकार देश में नफरत फैला रही है। पूरा देश राहुल गांधी के संघर्ष से जुड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि हम सभी को पार्टी के कार्यकर्ताओं की तरह काम करना है, पार्टी में कोई भी बड़ा या छोटा नहीं होता है। हमें सांप्रदायिकता की आड़ में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला करने वाली फासीवादी ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना होगा।

इस दिन कार्यभार संभालेंगे खरगे
कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 26 अक्टूबर को कार्यभार संभालेंगे।

खरगे ने थरूर को बधाई दी
कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मैं अपने साथी शशि थरूर को भी बधाई देना चाहता हूं। मैं उनसे मिला और चर्चा की कि पार्टी को कैसे आगे बढ़ाया जाए। मैं सभी पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से सोनिया गांधी को धन्यवाद देना चाहता हूं। उनके नेतृत्व में हमने केंद्र में दो बार अपनी सरकार बनाई।

गहलोत ने कही यह बात
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, ने कहा कि खरगे साहब का अध्यक्ष बनना हमारे लिए गर्व की बात है। वे बेहद अनुभवी वरिष्ठ नेता हैं। खरगे जी के नेतृत्व में आने वाले समय में कांग्रेस और मजबूत होगी। सोनिया जी और राहुल जी का पूरा समर्थन उनके साथ रहेगा।

राहुल ने बधाई दी
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मल्लिकार्जुन खरगे को कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023