कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व विधायक अपने बेटे के साथ भाजपा में हुई शामिल, कांग्रेस को पहले ही थी बगावत की आशंका

भोपाल: मध्यप्रदेश में होने वाले उपचुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस की पूर्व विधायक और जोबट सीट से टिकट की दावेदार मानी जा रही सुलोचना रावत अपने बेटे विशाल रावत के साथ भाजपा में शामिल हो गईं।इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव उपस्थित थे। सुलोचना रावत मध्यप्रदेश की एक प्रभावशाली आदिवासी नेता हैं। 

कांग्रेस को पहले से थी बगावत की आशंका
बताया जा रहा है कि इस बगावत को लेकर कांग्रेस को पहले से आभास जरूर था, लेकिन  इस मामले को पार्टी उछालना नहीं चाहती थी। सुलोचना को मनाने की भी कोशिश की गई लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।  

मध्यप्रदेश में उपचुनाव 
बता दें कि मध्यप्रदेश में एक लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों पर 30 अक्तूबर को उपचुनाव होने हैं। इन सीटों में जोबट एक हाई प्रोफाइल सीट है। यह सीट कांग्रेस की विधायक कलावती भूरिया के निधन की वजह से खाली हुई थी। उपचुनाव के नतीजे दो नवंबर को सामने आएंगे।

पृथ्वीपुर सीट से नितेंद्र सिंह राठौर होंगे कांग्रेस के उम्मीदवार
कांग्रेस ने शनिवार को पृथ्वीपुर विधानसभा सीट में होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवार के नाम का एलान कर दिया है। पार्टी ने पूर्व मंत्री बृजेंद्र सिंह राठौर के बेटे नितेंद्र सिंह राठौर को प्रत्याशी बनाया है।  हालांकि भारतीय जनता पार्टी ने अभी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023