कांग्रेस के हल्ला बोल रैली पर बीजेपी ने कसा तंज, कहा- यह राहुल गांधी का री-लॉन्च 4.0

नई दिल्लीः महंगाई के खिलाफ कांग्रेस की हल्ला बोल रैली पर भाजपा ने पलटवार किया है। कांग्रेस की रैली का मजाक उड़ाते हुए भाजपा ने कहा कि यह राहुल गांधी का री-लॉन्च 4.0 है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस राहुल को इसलिए री-लॉन्च कर रही है क्योंकि विपक्षी दल का कोई भी नेता इसका नेतृत्व नहीं करना चाहता। कांग्रेस ने रविवार को रामलीला मैदान में महंगाई पर हल्ला बोल रैली की। रैली को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

राहुल गांधी का री-लॉन्च 4.0
कांग्रेस की रैली के बाद भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि कांग्रेस की रैली का असली उद्देश्य गांधी परिवार को बचाना और परिवार के वंशज राहुल गांधी को फिर से लॉन्च करना है। यह रैली परिवार को बचाने के लिए है न कि महंगाई के विरोध में और कई बार राजनीति में उतर चुके राहुल गांधी को फिर से लॉन्च करने के लिए। यह रैली राहुल गांधी री-लॉन्च 4.0 है।

भाजपा का कांग्रेस पर हमला
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी 2014 से अब तक 90 फीसदी चुनाव हार चुकी है। उत्तर प्रदेश के चुनाव में 90 फीसदी से ज्यादा सीटों पर उसकी जमानत जब्त हो गई। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस जमीनी हकीकत से बेखबर है और उसके पास न तो कोई दूरदृष्टि है, न कोई नीति है और न ही कोई नेतृत्व है।

राठौर ने कांग्रेस पर साधा निशाना
राठौर ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं और संतों के खिलाफ अपराधों में उछाल आया है, लेकिन गहलोत कानून और व्यवस्था को संभालने के बजाय गांधी परिवार को प्राथमिकता दे रहे हैं।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023