RAIPUR | कांग्रेस के सदस्यता अभियान पर बृजमोहन अग्रवाल ने कसा तंज, कहा- आम लोगों को तो छोड़िए, कांग्रेस के लोग भी सदस्यता नहीं लेना चाहते

रायपुर: आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अब कांग्रेस पार्टी प्रदेश में सदस्यता अभियान चलाने जा रही है। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी के विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने तंज कसा है। अग्रवाल ने कहा- कांग्रेस के इस सदस्यता अभियान में आम लोगों को तो छोड़िए, कांग्रेस के लोग भी सदस्यता नहीं लेना चाहते। लगभग 90 प्रतिशत कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी की वर्किंग से नाराज हैं।

ये बातें रायपुर में अपने निवास पर बृजमोहन ने मीडिया से चर्चा में कहीं। कांग्रेस को लेकर अपने बयान में बृजमोहन ने आगे कहा कि वैसे तो ये कांग्रेस का अंदरुनी मामला है। मगर जिस तरह की वर्किंग कांग्रेस की है पार्टी से जुड़े लोग नाराज हैं। जनता ने कांग्रेस को बहुमत दिया मगर जनता अब निराश है। कार्यकर्ताओं का भी मोहभंग हो गया है, इसलिए कोई दोबारा इस पार्टी से जुड़ना नहीं चाहता।

दरअसल शनिवार को कांग्रेस की बड़ी बैठक रायपुर में हुई। यहां सदस्यता अभियान को लेकर अभियान चलाने की बात तय हुई। बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि लक्ष्य 10 लाख है। पिछले समय 6 लाख थे, उसको प्राप्त करना है। कांग्रेस का सदस्य बनना सम्मान का विषय है। हमें घर बैठ कर सदस्य नहीं बनाना है, बल्कि कांग्रेसियों के घर जाकर सदस्य बनाना है। सम्मान देने से हमारा कार्यकर्ता खुद को गौरान्वित महसूस करता है। सदस्यता हर ब्लॉक, हर जोन, हर सेक्टर में होना चाहिए।

तैयारी 2024 की
मुख्यमंत्री ने कहा था सदस्यता अभियान जन संपर्क का एक अच्छा अवसर है। हर जिले को दूसरे से बेहतर करने की कोशिश करना है। आपके पास अपनी सरकार की उपलब्धियों की फेहरिस्त है। उसको लेकर लोगों के पास जाना है। विपक्ष में रहते हमने तत्कालीन सरकार के खिलाफ खूब आंदोलन किया। सबने खूब कर्मठता दिखाई। अब अपने सफल कार्यक्रमों को लोगों को बताना है। हमें 2023 ही नहीं 2024 भी जीतना है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023