RAIPUR | CM भूपेश बघेल ने कहा- हर चुनाव से पहले आती है ED, ये छापे भाजपा हमें डराने-झुकाने के लिए करवा रही है

रायपुर: ईडी (ED) की रेड से हर राजनीतिक दल परेशान है। इन दलों का कहना है कि जब-जब चुनाव आते हैं तब-तब ईडी की रेड शुरु हो जाती है। चुनाव के बाद सब चीजें खत्म हो जाती हैं। इन दिनों छत्तीसगढ़ में भी ऐसा ही कुछ चल रहा है। यहां ईडी की रेड की गई है। जिस पर सीएम भूपेश बघेल ने भी तंज कसा।

भेंट मुलाकात कार्यक्रम से राजधानी लौटे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ईडी (ED) की कार्रवाई पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि ये छापे भाजपा हमें डराने-झुकाने के लिए करवा रही है, लेकिन हम डरेंगे नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईडी (ED) छापों के बाद बताती क्यों नहीं कि कहां कितना नगद मिला, संपत्ति मिली, क्या गड़बड़ी मिली?

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ईडी (ED) के प्रवक्ता बने घूम रहे हैं। उन्हें बताना चाहिए कि किसके घर क्या मिला। उन्होंने तंज कसा कि 40 घंटे में गिन नहीं पा रहे हैं क्या? और जांच करना है?, तो पनामा घोटाले की क्यों नहीं हो रही है? उसमें रमन सिंह और उनके बेटे का साफ नाम है। ईडी को बताना चाहिए कि 10 साल में रमन की आय कैसे बढ़ गई?केंद्रीय एजेंसी गैर भाजपा शासित राज्यों में ही भेजी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ईडी को भाजपा सरकार के समय हुए घोटाले क्यों नहीं दिख रहे हैं। रमन सिंह के कार्यकाल में जो सबसे बड़ा नान घोटाला हुआ, उसकी जांच क्यों नहीं कर रही है। इसके दस्तावेज में साफ है कि सीएम और सीएम मैडम के नाम पर करोड़ों रुपये का लेनदेन हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर चुनाव से पहले यहां ईडी का छापा होता है। उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले ईडी आई थी, फिर असम चुनाव से पहले भी छापा मारा गया। अब हिमाचल प्रदेश और गुजरात में चुनाव है, तो फिर छापे पड़ रहे हैं। उन्होंने चुटकी ली कि छत्तीसगढ़ में जब चुनाव होगा तो लगता है कि ये लोग यहीं रह जाएंगे।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023