RAIPUR | देवेन्द्र यादव, गुरूदयाल बंजारे और चंदन कश्यप भी दिल्ली रवाना, 28 विधायक अब तक पहुंच चुके हैं दिल्ली

रायपुर: छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल मुख्यमंत्री की फिर तेज हुई सियासी चर्चाओं के बीच कांग्रेस विधायकों का दिल्ली जाना जारी है। रविवार सुबह तीन और विधायकों ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी। इनमें भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, नवागढ़ से विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे और नारायणपुर विधायक चंदन कश्यप का नाम शामिल है। वहीं दो विधायकों बीमार होने के कारण दिल्ली नहीं जा पाए।

दिल्ली जाने के लिए रायपुर पहुंच चुके सामरी विधायक चिंतामणि महाराज ने दौरा स्थगित कर दिया है। बताया जा रहा है, उनकी तबीयत खराब है। वे नवा रायपुर स्थित अपने आवास पर आराम कर रहे हैं। एक दिन पहले रायपुर उत्तर से विधायक कुलदीप जुनेजा के भी बीमार होने की बात सामने आई थी। पता चला है कि, जुनेजा भी दिल्ली जाने के लिए प्रस्तावित विधायकों की सूची में शामिल हैं। पिछली बार दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन कर चुके सभी विधायकों-मंत्रियों को एक-दो दिन में दिल्ली ले जाने की तैयारी पूरी है। आगे-पीछे सभी वहां पहुंचेंगे।

रविवार सुबह रवाना हुए तीन नेताओं को मिलाकर कांग्रेस के 27-28 विधायक दिल्ली पहुंच चुके हैं। इनमें विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी, विधायक रेखचंद जैन और अनूप नाग शनिवार शाम 7.30 की विमान से दिल्ली गए। ममता चंद्राकर, कुंवर सिंह निषाद, विनय भगत, लक्ष्मी ध्रुव, रामकुमार यादव, शिशुपाल शोरी, लालजीत सिंह राठिया, संतराम नेताम, राजमन बेंजाम, डॉ. केके ध्रुव, उत्तरी जांगड़े, किश्मतलाल नंद शुक्रवार शाम से शनिवार सुबह तक दिल्ली पहुंचे। बृहस्पत सिंह, गुरुदयाल बंजारे, मोहित केरकेट्‌टा, डॉ. विनय जायसवाल, द्वारिकाधीश यादव, यूडी मिंज, पुरुषोत्तम कंवर, चंद्रदेव राय और प्रकाश नायक पहले से ही दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023