Farmer Protest | किसान आंदोलन का समर्थन कर रहे अखिलेश यादव हुए गिरफ्तार, कहा- कन्नौज जाएंगे भले जेल भेज दो

लखनउ: कृषि कानून के खिलाफ लखनऊ में दंगल जारी है। किसान यात्रा की शुरुआत करने कन्नौज जा रहे समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया गया है। प्रशासन ने पहले लखनऊ में उनके घर के बाहर बैरिकेडिंग की थी, जिसके बाद अखिलेश पास में ही धरने पर बैठ गए थे। लेकिन अब उन्हें हिरासत में लिया गया है, अखिलेश का आरोप है कि प्रशासन ने उनकी गाड़ियों को जब्त कर लिया है। अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के बाद ईको गार्डन भेजा जा रहा है, जहां उन्हें कस्टडी में रखा जाएगा।

आपको बता दंे कि तमाम विरोध के बावजूद अखिलेश यादव कन्नौज के लिए पैदल ही रवाना होने वाले थे। अखिलेश यादव ने कहा कि अगर किसानों के लिए बने कानून से किसान ही खुश नहीं हैं, तो फिर सरकार इन्हें वापस ले। किसानों की आवाज को सरकार सुन नहीं रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि उनके कार्यकर्ता प्रदेश के कई जिलों में गिरफ्तारियां दे रहे हैं, लेकिन हमें अब कन्नौज नहीं जाने दिया जा रहा है। अगर इन्हें जेल में डालना है, तो ये हमें भी जेल में डाल सकते हैं।

आपको बता दें कि अखिलेश यादव को सोमवार को कन्नौज जाना था, जहां उन्हें समाजवादी पार्टी द्वारा बुलाई गई किसान यात्रा की शुरुआत करनी थी। लेकिन सोमवार सुबह ही लखनऊ में विक्रमादित्य मार्ग पर सपा दफ्तर से लेकर अखिलेश यादव के घर तक पुलिस ने तैनाती कर दी और बैरिकेडिंग कर दी। इस दौरान यहां किसी के भी आने-जाने पर रोक लगा दी गई। प्रदर्शन कर रहे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023