BIJAPUR | नक्सलियों ने की किसान की हत्या, धान केन्द्र में दिया वारदात को अंजाम, टंगिया और चाकू से किया वार

बीजापुर: छत्तीसगढ़ के धुर नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक किसान की हत्या कर दी। किसान का नाम राममूर्ति गटपल्ली है। उसूर धान खरीदी केंद्र में यह वारदात हुई है। खबर है कि नक्सली ग्रामीणों की वेशभूषा में पहुंचे थे और राममूर्ति की पहले पिटाई की, फिर टंगिया और चाकू से शरीर के कई स्थानों पर वार कर हत्या कर दी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि नक्सलियों ने किन कारणों से राममूर्ति की हत्या की है।

जानकारी के मुताबिक उसूर धान खरीदी केंद्र में सुबह राममूर्ति धान बेचने के लिए गया था। राममूर्ति पहले सेल्समैन भी रह चुका है। सुबह धान खरीदी केंद्र खुला था और 10-12 की संख्या में किसान वहां मौजूद थे, तभी ग्रामीणों की वेशभूषा में कुछ नक्सली पहुंचे। उन्होंने किसानों के सामने ही राममूर्ति की पिटाई शुरू कर दी। राममूर्ति को बेरहमी से पिटाई करने के बाद नक्सलियों ने टंगिया और चाकू से वार किया। उसकी मौत होने के बाद नक्सली जंगल की ओर भाग गए।

धान खरीदी केंद्र में मौजूद लोगों ने नक्सलियों के जाने के बाद पुलिस को खबर दी। सूचना पाकर एसडीओपी के साथ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। राममूर्ति के शव के पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया गया। फिलहाल पुलिस की ओर से ऐसी कोई जानकारी नहीं दी जा रही है, जिससे हत्या का कारण सामने आए।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023