RAJIM NEWS | कोरोना जाँच के नाम पर घर पंहुचा स्वास्थ्यकर्मी, गर्भवती महिलाओं से की अश्लीलता, गिरफ्तार

राजिम : राजिम थाना इलाके में दो गर्भवती महिलाओं से कोरोना के नाम पर अश्लीलता करने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक घटना में आरोपी स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी है। आरोपी कोरोना जांच के नाम पर तीन दिनों तक महिलाओं के घर जाता रहा। महिलाओं को अलग कमरे में ले जाकर उनके साथ अश्लीलता की। रविवार को इस मामले में पुलिस ने आरोपी स्वास्थ्य कर्मी को गिरफ्तार कर लिया है।

घर पहुंचकर कहा- कमरे में चलिए जांच होगी

राजिम थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी शत्रुघन सेन राजिम का रहने वाला है। यह सुरसाबांधा गांव के उपस्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्यकर्मी के पद पर पदस्थ है। इस गांव में एक घर से कुछ लोग कोविड पॉजिटिव पाए गए। इन लोगों को कोविड सेंटर मे भेज दिया गया था। इसके बाद परिवार के बाकी लोगों की जांच होनी थी। आरोपी शत्रुघ्न सेन 2 सितम्बर उसी घर में पहुंचा। यहां 3 महीने और 9 माह की गर्भवती महिलाएं थीं। इन्हीं के साथ आरोपी ने अश्लीलता की। इसके बाद वो 3 और 4 सितंबर को भी जांच के नाम पर घर गया और घटना को दोहराने लगा।

शत्रुघन की करतूत बढ़ते देख महिलाओं ने चुप्पी तोड़कर पतियों को जानकारी दी। लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर हंगामा कर दिया। मामला राजिम के बीएमओ वीरेंद्र हिरौंदिया के पास पहुंचा। शनिवार की सुबह बीएमओ ने इस संबंध में पूछताछ कर रिपोर्ट बनाई। इस बात की जानकारी भी सामने आई कि शत्रुघन अक्सर शराब के नशे में भी ड्यूटी पर आता है। बीएमओ ने भी घटना की पुष्टि करते हुए मामले की जानकारी पुलिस को दी। अब आरोपी इस शर्मनाक हरकत के लिए गिरफ्तार किया जा चुका है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023