SDM के घर चोरी करने पहुंचे चोर, कुछ नहीं मिला तो लिखा- ‘जब पैसे नहीं थे तो लॉक ही नहीं करना था कलेक्टर‘

देवास। ‘जब पैसे नहीं थे तो लॉक ही नहीं करना था कलेक्टर,’ ये वो पत्र है जो चोर डिप्टी कलेक्टर के नाम छोड़ गए हैं। यह पत्र वायरल हो गया है। चोरों का लगा कि मध्य प्रदेश के देवास जिले के डिप्टी कलेक्टर का घर है, यहां बहुत कुछ मिलेगा, लेकिन उनके अरमानों पर पानी फिर गया।

बता दें, देवास जिले के खातेगांव के एसडीएम त्रिलोचन सिंह गौड़ का सरकारी आवास सिविल लाइन में स्थित है। यहां कुछ दिनों पहले चोरी हो गई। गौड़ शनिवार शाम जब सरकारी आवास पर आए तो हैरान रह गए। घर का ताला टूटा था। जब वे अंदर आए तो सामान चेक किया। सबसे पहले उनकी नजर टेबल पर रखे पत्र पर गई। इस पर लिखा था- ‘जब पैसे नहीं थे तो लॉक ही नहीं करना था कलेक्टर।’

इसके बाद डिप्टी कलेक्टर ने देखा कि एक अंगूठी, चांदी की पायल, 30 हजार नगद, और कुछे सिक्के चोरी हो गए हैं। उनकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। बता दें, डिप्टी कलेक्टर त्रिलोचन सिंह गौड़ को यहां आए अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है. वे 15 दिन पहले खातेगांव के एसडीएम बनाए गए हैं।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023