BOLLYWOOD | ‘हिट 2’ का ट्रेलर रिलीज, दिल्ली के श्रद्धा केस की याद दिलाता है, चौंका देंगी ये मर्डर मिस्ट्री भी

नई दिल्ली: चर्चित तेलुगु मर्डर मिस्ट्री हिट सीरीज की दूसरी फिल्म हिट 2- द सेकंड केस का ट्रेलर बुधवार को रिलीज कर दिया गया। फिल्म में अदिवी एक पुलिस अफसर के किरदार में हैं, जो एक बेहद पेचीदा मर्डर केस को सुलझाने में लगा है। ट्रेलर में दिखाये गये घटनाक्रम दिल्ली के श्रद्धा मर्डर केस की याद दिलाते हैं। फिल्म फिलहाल तेलुगु में ही रिलीज की जाएगी।

अदिवी का किरदार कृष्ण देव का सामना एक ऐसे केस से होता है, जिसमें हत्यारे ने क्रूरता के साथ कत्ल किया है। फिल्म 2 दिसंबर को रिलीज हो रही है। फिल्म का निर्देशन शैलेष कोलानू ने किया है। अदिवी ने मेजर के साथ हिंदी सिनेमा में डेब्यू किया था। हिट 2 में अदिवी के साथ मीनाक्षी चौधरी फीमेल लीड रोल निभा रही हैं।

हिट सीरीज की पहली फिल्म द फर्स्ट केस को हिंदी में रीमेक किया जा चुका है, जिसमें राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा ने लीड रोल्स निभाये थे। फिल्म में एक काल्पनिक विभाग होमिसाइड इंटरवेंशन टीम (Homicide Intervention Team) की कार्यशैली दिखायी गयी है। हिंदी फिल्म का निर्देशन भी शैलेष कोलानू ने ही किया था।

तुषार कपूर निर्मित और अभिनीत फिल्म मारीच मर्डर मिस्ट्री है, जिसमें वो पुलिस अधिकारी के किरदार में हैं और एक शातिर किलर की तलाश में जुटे हैं। फिल्म का निर्देशन ध्रुव लाठे ने किया है। तुषार के किरदार का नाम राजीव दीक्षित है। दो कत्ल हुए हैं और 6 लोग शक के दायरे में हैं। राजीव को यही गुत्थी सुलझानी है। नसीरूद्दीन शाह, राहुल देव, अनीता हसनंदानी, दीपानिता शर्मा, सीरत कपूर आकाश दहिया भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। मारीच 9 दिसम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।

वध
9 दिसम्बर को मारीच के सामने एक और मर्डर मिस्ट्री वध होगी, जिसमें संजय मिश्रा और नीना गुप्ता लीड रोल्स में हैं। वध की कहानी के केंद्र में एक कत्ल और कातिल है। कातिल, संजय मिश्रा के किरदार को दिखाया गया है, जो खुद पुलिस के सामने जाकर जुर्म कबूल करता है, मगर फिर कुछ ऐसा होता है कि वो पुलिस से भागता है। नीना गुप्ता, संजय की पत्नी के रोल में हैं। वध का लेखन राजीव बरनवाल और जसपाल सिंह संधू ने किया है। लव रंजन इस फिल्म के निर्माता हैं।

डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर आयी कठपुतली
इन फिल्मों के अलवा इस साल कई और मर्डर मिस्ट्री आ चुकी हैं। इनमें से एक अक्षय कुमार की कठपुतली है, जो डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर स्ट्रीम हुई थी। इस फिल्म में अक्षय इनवेस्टिगेटिव ऑफिसर बने थे, जो कत्ल के एक शातिर कातिल की खोज में जुटा हुआ है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023