RAIPUR | प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर टीएस सिंहदेव ने कह दी बड़ी बात, कहा- कोई भी परिवर्तन आसान नहीं होता

रायपुर : छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को अब मुख्यमंत्री का पद मिलने की आस कमजोर पड़ती जा रही है। पिछले कई महीनों से सीएम भूपेश बघेल की कुर्सी पर अपना दावा जता रहे सिंहदेव भी अब मानने लगे हैं कि कोई भी परिवर्तन आसान नहीं होता। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा है कि वे कांग्रेस आलाकमान के फैसले की प्रतीक्षा करेंगे।

सिंहदेव ने शुक्रवार को मीडियाकर्मियों के सवालों के जवाब में कहा कि परिवर्तन कैसा भी हो, इतना आसान नहीं होता। पार्टी आलाकमान कोई भी फैसला लेने से पहले सभी पहलुओं का आकलन करता है। उन्होंने साथ में यह भी जोड़ा कि वे आलाकमान के अंतिम फैसले की प्रतीक्षा करेंगे।

सिंहदेव के इस बयान को सीएम भूपेश बघेल के पार्टी में बढ़ते महत्व से जोड़कर देखा जा रहा है। बघेल को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पहले यूपी विधानसभा चुनावों के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक बनाया और शुक्रवार को उन्हें हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में भी शामिल किया गया।

छत्तीसगढ़ में सीएम के पद को लेकर बघेल और सिंहदेव के बीच का झगड़ा तभी से शुरू हो गया था जब राज्य में कांग्रेस की सरकार बनी थी। ढाई साल के सीएम के कथित फॉर्म्यूले के आधार पर बघेल को यह कुर्सी मिली थी। ढाई साल पूरे होने पर सिंहदेव ने इस पर अपना दावा जताया, लेकिन विधायकों के समर्थन के बूते बघेल अब तक उनकी चुनौती को दरकिनार करने में सफल रहे हैं।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023