DURG | दहेज प्रताड़ना का केस लड़ रहे वकील को महिला ने कोर्ट परिसर में मारा थप्पड़, वकीलों ने कोर्ट में ही दिया धरना

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला कोर्ट परिसर में एक महिला ने वकील को सबके सामने थप्पड़ जड़ दिया। वकील महिला की बेटी के दहेज प्रताड़ना का केस लड़ रहा था। वकील द्वारा परेशान करने का आरोप लगाकर महिला ने कोर्ट परिसर में ही उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद वकीलों ने हंगामा मचा दिया। वकीलों का समूह सिटी कोतवाली थाने पहुंचा और वहां घेराव किया। इसके बाद महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बीते बुधवार की इस घटना के बाद आज गुरुवार को जिला कोर्ट परिसर में वकीलों ने धरना शुरू कर दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वकील हरेन्द्र उमरे 7 साल से चल जनकनंदीनी कौशिक की बेटी के दहेज प्रताड़ना का केश लड़ रहा है। महिला का दावा है कि उसकी बेटी चंचल कौशिक को उसके ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान कर रहे हैं। सेक्टर-6 भिलाई निवासी महिला ने सात साल पहले रायगढ़ में मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन रायगढ़ में किसी अधिवक्ता से जान-पहचान नहीं थी। इसके चलते उसने दुर्ग के हरेन्द्र उमरे को अपना वकील बनाया। महिला का आरोप था कि केश लड़ने के नाम पर वकील उसे परेशान कर रहा था, जिसके चलते उसने थप्पड़ मारा।

अधिवक्ता संघ का प्रदर्शन
महिला के खिलाफ बीते बुधवार को अधिवक्ता संघ ने सिटी कोतवाली दुर्ग का घेराव किया। इसके बाद महिला के खिलाफ धारा 294, 323 और 506 के तहत अपराध दर्ज किया है। जिले के अधिवक्ता आज कोर्ट परिसर में धरना देंगे। संघ का कहना है कि प्रदेश में लगातार अधिवक्ताओं पर हो रहे हमले और मारपीट के विरोध में वे धरना प्रदर्शन करेंगे। एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग भी वे रखेंगे। गुरुवार की सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक उनका धरना चलेगा। इस दौरान में मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। दुर्ग कोर्ट परिसर में थप्पड़ कांड के बाद हंगामा मच गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023