LOCK DOWN BREAKING | महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामलो में हुई वृद्धि, अमरावती में एक सप्ताह का पूर्ण लॉकडाउन

मुंबई / अमरावती: महाराष्ट्र के विभिन्न इलाकों में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए अमरावती जिले में एक सप्ताह के लिए पूर्ण लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है। संरक्षक मंत्री यशोमति ठाकुर ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अचलपुर सिटी को लॉकडाउन से बाहर रखा गया है। इस दौरान जिले में केवल आवश्यक सेवाओं के संचालन को अनुमति दी गई है।

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। राज्य में शनिवार को एक दिन में 6,281 नए मरीज मिले और 40 संक्रमितों की मौत हो गई। इससे राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 48,439 हो गई है। ऐसे में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे रविवार को सात बजे राज्य को संबोधित करने वाले हैं।

मुंबई में फिलहाल लॉकडाउन की योजना नहीं: बीएमसी

हालांकि, शनिवार को एक शीर्ष अधिकारी ने बताया, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की फिलहाल मुंबई में लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है। इसके बजाय परीक्षण एवं उपचार और सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क के सख्त कार्यान्वयन पर ध्यान केंद्रित करना होगा। 

मुंबई-पुणे व विदर्भ के बाद मराठवाड़ा में भी फैला कोरोना

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई सहित पुणे और विदर्भ के बाद मराठवाड़ा में भी कोरोना वायरस तेजी से फैलने लगा है। राज्य स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में 6,281 नए कोरोना संक्रमित मिलने से प्रदेश में अब तक संक्रमित हुए कुल मरीजों की संख्या 20,93,913 हो गई है। 

मुंबई में जहां शनिवार को 897 नए संक्रमित पाए गए वहीं, पुणे में 847 और अमरावती में 1,055 नए मरीज सामने आए हैं। विदर्भ के अकोला व नागपुर परिमंडल में एक दिन में 2,609 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसी तरह मराठवाड़ा के औरंगाबाद और परभणी जिले में भी मरीजों की संख्या बढ़ रही है।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023