हादसा | बारातियों से भरी ट्रॉली पलटने से दूल्हा समेत 8 की मौत, 25 से अधिक घायल

  • दूल्हा, उसकी मां समेत आठ लोगों की मौत
  • 7 लोगों की हालत गंभीर

खंडवा: जिस घर में शादी की खुशियां होनी थीं, उस घर में मातम छा गया। जहां नई-नवेली बहू का स्वागत की तैयारियां की जा रही थीं, वहां अब अर्थियां उठेंगी। दरअसल, गुरुवार दोपहर खंडवा जिले के खालवा थाना क्षेत्र में महलू गांव के पास बारात लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दूल्हा, उसकी मां समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। 7 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें खंडवा जिला अस्पताल रैफर किया गया है।

बताया जाता है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार में थी। इसी कारण पुलिया के मोड़ पर चालक का संतुलन बिगड़ गया। ट्रॉली अचानक लहराकर पलट गई।

जानकारी के अनुसार खालवा के गारबेड़ी से कुंअर सिंह की बारात ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा रही थी। वाहन में दूल्हे के रिश्तेदारों में महिलाओं, बच्चों समेत करीब 35 लोग सवार थे। रोशनी पुलिस चौकी क्षेत्र के महलू गांव के पास पुलिया से गुजरते समय वाहन का संतुलन अचानक बिगड़ गया। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। वाहन में बैठे लोग 15 फीट नीचे नाले में जा गिरे।

घटना के बाद वहां चीख-पुकार मच गई। पुलिया के नीचे नाले में पत्थर थे। इन्हीं पर गिरने से लोग गंभीर घायल हो गए। हादसे में दूल्हे कुंअर सिंह पिता लल्लूराम की भी मौत हो गई। इसके अलावा मरने वालों में भागवती बाई पति सालगराम, सरजूबाई पति गोविंद, बुधियाबाई पति भागीरथ, तुलसाबाई पति हीरा और गोपीबाई पति मंशाराम शामिल हैं। पहले घायलों को खालवा प्राथमिक चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से गंभीर घायलों को खंडवा जिला अस्पताल रैफर कर दिया।

News Share
CIN News | Bharat timeline 2023